पहली बार उसे देखा था जब समीर मुझे देखने मेरे घर आए थे। गोरा रंग, गहरा मेकअप, नाभि के नीचे बांधी साड़ी और फैशनेबल काले चश्मे में चहकती, वह समीर की बड़ी भाभी से ज़्यादा बोल रही थी। समीर से लगभग पांच वर्ष बड़ी होगी। पता चला उनकी कंपनी में काम करती है दिल्ली में। उन्हीं के शहर आगरा की है , वीक एंड पर आई हुईं थीं सो चाव चाव में साथ हो ली थीं।
शादी के बाद जब दिल्ली आ गई तो वह घर पर कभी नहीं आई। एक दो बार मैंने समीर से पूछा भी तो कहने लगे उसके पति, बेटा व सास आगरा में ही रहते हैं सो वीक एंड पर घर चली जाती हैं।
इक्कीस वर्ष की भोली भाली मैं समीर के संग नए जीवन के ताने बाने बुनने में मस्त थी। एक बार समीर की ऑफिस पार्टी में ज़िद करके उनके साथ चली गई तो देखा वो सेक्सी तंग मैक्सी में पार्टी में छाई हुई थी। बार बार समीर को डांस फ्लोर पर घसीट रही थी। मैं साड़ी में सकुचाई सी एक ओर खड़ी थी कि समीर की एक दो सहयोगी लड़कियां मुझ से बतियाने लगीं। उनकी नजरें भी उन दोनों पर ही थीं।
"आजकल समीर और मीरा कांफ्रेंसों में भाग लेनें नहीं जा रहे हर जगह, शुक्र है हमें भी अवसर मिल रहा है," एक ने कुटिल मुस्कान से कहा। तो दूसरी ने उसे कुहनी मारी और दोनों वहां से खिसक लीं थीं।
मेरा पत्नी का रडार एकदम खड़ा हो गया था। अब समझ आने लगा था कि क्यों समीर रात नौं बजे से पहले "ऑफिस से" घर नहीं आते। फोन पर पास वर्ड रहता है और रात को घंटी बजते ही वे "ओवरसीज ऑफिस से कॉल है" कह के दूसरे कमरे में चले जाते हैं।
घर लौट कर मैंने कुछ नहीं कहा। सोचती रही । मुझ में क्या कमी है। सुन्दर हूं। पढ़ी लिखी हूं। उम्र भी मेरे साथ है। क्या मैं अपने पति का दिल नहीं जीत सकती।
पहले अपनी वॉर्डरोब बदल दी। समीर के उठने से पहले ही स्मार्ट ट्रैक सूट में जॉगिंग करके लौटती और बढ़िया ब्रेकफास्ट तैयार रखती। उससे शाम को जल्दी आने का आग्रह करती। और हर बार कोई ना कोई सरप्राइज तैयार रखती..अपने कपड़ों का , खाने पीने का। और शाम को रोमांटिक माहौल..। समीर धीरे धीरे प्यार में डूबते चले गए.....।
काकपिट से हवाई जहाज के पायलट की घोषणा हो रही थी। जहाज थोड़ी देर में सिडनी लैंड करने वाला था। मंडे को समीर कम्पनी के सिडनी ऑफिस को ज्वाइन कर रहे थे। मैंने हल्के से उनके कंधे पर सिर रख दिया।
हमारा नया जीवन हमारी प्रतीक्षा कर रहा था।
Monday, September 28, 2020
दूसरी औरत
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
Soulful writing indeed 👍👌! Keep it up !
ReplyDeleteVery nice Nilima , whatever you do, do it with perfection. Loved your short story, Nice but little too short for me. Keep it up and look forward to read more.
ReplyDelete